भीषण सड़क हादसे में रोसड़ा के एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, तीन घायल

समस्तीपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया शोक
मंगलवार समस्तीपुर जिले के लिए मनहूस साबित हुआ। जिले के रोसड़ा के एक ही परिवार के 9 लोग कटिहार में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण सड़क हादसे में जहां 6 लोगों की मौत हो गयी है, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री ने भी इस दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है। इस दुखद सड़क हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार की सुबह 6 बजे कुर्सेला थाना क्षेत्र के एनएच 31 कुर्सेला पुल पर हुई। इस घटना में बारे में बताया जा रहा है कि सभी मृतक समस्तीपुर जिला के रोसड़ा के रहने वाले थे। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंचा और आगे की कार्रवाई में जुटा है। सभी घायल और मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सभी एक ही गाड़ी से फुलवरिया में शादी के लिए लड़का देखने आए थे। इसी दौरान ट्रक और स्कार्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार 9 लोगों में से 6 की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार सभी एक ही परिवार के सदस्य और संबंधी थे और कटिहार के फुलवरिया चौक पर लड़की के शादी के लिए लड़के का छेका करने के लिए आए थे। बताया जाता है कि लौटने के क्रम में कुर्सेला कोसी पुल पर अत्यधिक गति होने के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और खड़े ट्रक से जा भिड़ा। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई वहीं तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की शिनाख्त शिवजी महतो 45 वर्ष, नंदलाल महतो 25 वर्ष, राजकुमार 30 वर्ष, अजय महतो 45 वर्ष, रामस्वरूप साह 45 वर्ष, संतोष कुमार 42 वर्ष चालक के रूप में हुई, वहीं घायल कैलाश महतो 40 वर्ष, अर्जुन महतो 50 वर्ष तथा सुनील महतो 35 वर्ष को गंभीर स्थिति को देखते हुए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
95 total views, 19 views today