पेट्रोल मूल्यवृद्धि पर नहीं बोलते अमिताभ व अक्षय, इनकी फिल्में महाराष्ट्र में नहीं देखी जाएगी: पटोले

मुंबई
-शूटिंग भी रोक देने की धमकी दी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने
-मनमोहन सरकार में यही लोग 5-10 रूपए रेट करने की मांग कर रहे थे, अब चुप्पी क्यों?
-पटोले का पब्लिसिटी स्टंट, कौन रोक सकता है शूटिंग : फडणवीस
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले में पेट्रोलियम मूल्यवृद्धि को लेकर सिने अभिनेताओं खासकर अमिताभ बच्चन व अक्षय कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने उनसे सवाल किया कि क्या आप मोदी सरकार के दबाव में हैं? ये लोग जनता के पक्ष में नहीं बोलते हैं, जबकि वह उनकी मूवी के टिकट खरीदकर देखती है। उन्होंने चेतावनी दी कि इनकी फिल्में महाराष्ट्र में नहीं देखी जाएंगी न ही शूटिंग हो सकेगी।
पटोले ने यह भी कहा कि यह कोई धमकी नहीं है, लोकतंत्र के लिए ऐसा किया जाएगा, आप जनता के नायक हैं, और आपकी यह जिम्मेदारी है।
नाना पटोले ने कहा कि संप्रग सरकार के दौरान प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने तेल की कीमतें कम रखीं, जबकि विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम उछाल पर थे। तब अमिताभ बच्चन व अक्षय कुमार ने ट्वीट कर तेल 5-10 रुपये लीटर बेचने की मांग की थी। अब मोदी सरकार जिस तरह से कीमतें बढ़ा रही है तो ये लोग ट्वीट क्यों नहीं कर रहे?
उधर, पटोले की धमकी पर पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह पटोले का पब्लिसिटी स्टंट है, क्योंकि वह हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं। कोई शूटिंग कैसे रोक सकता है। देश में लोकतंत्र व कानून है।
170 total views, 8 views today