ग्रामीण विकास सचिव ने किया दौरा, जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के कार्य का अवलोकन किया

हजारीबाग :ग्रामीण विकास विभाग की सचिव आराधना पटनायक ने आज हजारीबाग के दारू प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान जेएसएलपीएस से जुड़ी आजीविका सखी मंडल की महिलाओं के नेतृत्व कर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने समूह की कार्यशैली एवं महिलाओं द्वारा किए जा रहे रोजगार के कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई जानकारियां महिलाओं को भी दीं, ताकि वे आगे बेहतर कार्य कर सकें। श्रीमती पटनायक दीदी बाड़ी योजना का भी निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीण सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। केंद्र से न केवल उत्पादित वस्तुओं की जानकारी ली, बल्कि वहां पलास के नाम से की जा रहे पैकेजिंग को भी नजदीक से देखा।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आजीविका समर्थन हुनर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 20 लाख परिवारों की महिलाओं को जोड़ा गया है। महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनके जीवन में आ रहे बदलाव की जानकारी लेने वह यहां पहुंची है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों की महिलाएं रोजगार शुरू कर अपने को आत्मनिर्भर कर रही हैं। परिवार की जरूरतों को समृद्ध करते हुए वह आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिला समूहों के कार्यों को संतोषप्रद बताया और कहा कि और लोगों को आजीविका के साथ जोड़ने का काम किया जाएगा। कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य कुमार आनन्द, डीडीसी अभय सिन्हा, बीडीओ राम रतन बरनवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
36 total views, 2 views today